HiLaptop

🔥 Trending: Latest News & Updates

लखनऊ के थाना बिजनौर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अशरफ नगर के पास गांव के बाहर स्थित झील किनारे खाली प्लॉट में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।

मौके पर युवक का शव खाली प्लॉट में पड़ा मिला, जिसके शरीर पर प्रथम दृष्टया चोट के निशान पाए गए हैं। आसपास मौजूद लोगों, क्षेत्रीय निवासियों और परिजनों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान सूरज गौतम पुत्र रमेश गौतम निवासी ग्राम अशरफ नगर थाना बिजनौर, लखनऊ के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक पीजीआई अस्पताल में संविदा पर सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था तथा अविवाहित था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी श्री अमित कुमार आनंद एवं सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर मामले के शीघ्र एवं निष्पक्ष अनावरण का आश्वासन दिया।

मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से की जा रही है तथा जल्द आवश्यक तथ्यों का खुलासा कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *